जोधपुर बना ग्लोबल वेडिंग डेस्टिनेशन इंडो-अमेरिकन बिजनेसमैन की बेटी की शाही शादी में जुटे देश-विदेश के दिग्गज, आज होंगे हिंदू रीति-रिवाजों से फेरे...
जोधपुर में इंडो-अमेरिकन उद्योगपति निकेश अरोड़ा की बेटी आयशा अरोड़ा की शाही शादी चर्चा का केंद्र बनी हुई है। देश-विदेश से कई बड़े उद्योगपति, फिल्मी हस्तियां और खास मेहमान चार्टर विमानों से शहर पहुंचे। उम्मेद भवन पैलेस और मेहरानगढ़ किला में आयोजित समारोहों में संगीत और पारंपरिक कार्यक्रम हुए। शनिवार को हिंदू रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न होगा।
जोधपुर। राजस्थान की सांस्कृतिक राजधानी जोधपुर एक बार फिर शाही शादी का गवाह बन रही है। इंडो-अमेरिकन उद्योगपति निकेश अरोड़ा की बेटी आयशा अरोड़ा के विवाह समारोह ने शहर को अंतरराष्ट्रीय रंग में रंग दिया है। देश-विदेश से उद्योग जगत, फिल्म और कॉरपोरेट दुनिया की कई बड़ी हस्तियां इस भव्य आयोजन में शामिल होने पहुंच रही हैं।
शुक्रवार को सुबह से ही जोधपुर एयरपोर्ट पर खासा उत्साह देखने को मिला। दिनभर में कई चार्टर विमान यहां उतरे, जिनसे विदेशी मेहमानों के साथ भारत के प्रमुख उद्योगपति और पारिवारिक सदस्य पहुंचे। शहर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को भी विशेष रूप से मजबूत किया गया।
दोपहर के समय टेलीकॉम उद्योग से जुड़े दिग्गज सुनील मित्तल अपने परिवार के साथ जोधपुर पहुंचे। एयरपोर्ट से उनका काफिला सीधे शाही ठहराव स्थल उम्मेद भवन पैलेस के लिए रवाना हुआ, जहां मेहमानों के स्वागत की खास तैयारियां की गई हैं।