पत्नी और तीन बेटियों का पत्थर से कुचला सिर, सुबह पिता को चाय पिलाकर आराम से हो गया फरार
राजधानी जयपुर के करधनी इलाके में एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है। यहां एक शख्स ने अपनी पत्नी और तीन जवान बेटियों की सोते समय पत्थर से सिर कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार है।



राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक बेहद रूह कंपा देने वाली और खौफनाक घटना सामने आई है। करधनी थाना इलाके में एक ही परिवार के चार लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। आरोप है कि एक शख्स ने अपनी ही पत्नी और तीन बेटियों को मौत की नींद सुला दिया। हत्या का तरीका इतना खौफनाक था कि जिसने भी सुना उसकी रूह कांप गई। आरोपी ने चारों के सिर पर भारी पत्थर से वार कर उनकी जान ले ली। हैरान करने वाली बात यह है कि इस खौफनाक हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी अगली सुबह अपने बुजुर्ग पिता को चाय पिलाकर आराम से फरार हो गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चारों शवों को कब्जे में ले लिया है और फरार आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही है।
अलग-अलग कमरों में मिली चारों की लाशें
डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि गोविंद वाटिका के प्लॉट नंबर ए-169 में एक जघन्य हत्याकांड हुआ है। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो घर का नजारा दिल दहला देने वाला था। पहली मंजिल पर बने एक कमरे में आरोपी राहुल झा की पत्नी गीता झा का खून से लथपथ शव पड़ा था। वहीं, ग्राउंड फ्लोर के दो अलग-अलग कमरों में उसकी तीन बेटियों— नंदनी (23), राधिका (18) और गौरी (14) की लाशें मिलीं। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि आरोपी ने गुरुवार रात जब सब गहरी नींद में सो रहे थे, तब पत्थर और भारी हथियारों से चेहरों और सिर पर वार कर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर और खून से सने कपड़े भी मौके से बरामद कर लिए हैं।
कत्ल के बाद की सुबह: दूध खरीदा, पिता को चाय पिलाई और फरार
इस पूरी वारदात का सबसे हैरान करने वाला पहलू आरोपी का कत्ल के बाद का बर्ताव है। रात में अपने पूरे परिवार को खत्म करने के बाद राहुल झा अगली सुबह 7 बजे सामान्य रूप से उठा। उसने रोजमर्रा की तरह दूध वाले से दूध लिया, अपने बुजुर्ग पिता लक्ष्मीनारायण झा के लिए चाय बनाई और उन्हें पिलाई। इसके बाद वह तैयार होकर घर से निकल गया। पिता को इस खौफनाक वारदात की भनक तक नहीं लगी। जब आरोपी काफी देर तक वापस नहीं लौटा और पिता ने कमरों में खून पसरा देखा, तब जाकर पड़ोसियों को सूचना दी गई।
कौन है आरोपी और क्या करता था परिवार?
आरोपी: राहुल झा (शेयर ट्रेडिंग का काम करता था और महज तीन दिन पहले ही गुजरात से वापस लौटा था।)
मृतका (पत्नी): गीता झा (मकान की पहली मंजिल पर ही अपना बुटीक चलाती थीं।)
बेटियां: बड़ी बेटी नंदिनी पढ़ाई के साथ-साथ एक प्राइवेट जॉब भी करती थी। वहीं, राधिका और गौरी अभी पढ़ाई कर रही थीं।
कर्ज और घरेलू कलह का शक
घटना के पीछे की ठोस वजह अभी सामने नहीं आई है, लेकिन पुलिस इसे प्रथम दृष्टया घरेलू कलह से जोड़कर देख रही है। क्योंकि घर से कोई कीमती सामान चोरी नहीं हुआ है। वहीं, पड़ोसियों से पूछताछ में एक अहम जानकारी सामने आई है। एक पड़ोसी महिला के मुताबिक, राहुल ने तीन दिन पहले ही उनसे 50 हजार रुपये उधार मांगे थे, जिसके बदले उन्होंने राहुल को 25 हजार रुपये दिए थे।
दूसरी ओर, आरोपी के भाई संजय कुमार झा और भतीजे राज का कहना है कि पति-पत्नी के बीच कोई विवाद नहीं था। तीन दिन पहले जब राहुल लौटा था, तो पूरे परिवार ने साथ बैठकर खुशी-खुशी खाना खाया था।
फोरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पूरे घर को सील कर दिया है और फोरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए हैं। डीसीपी प्रशांत किरण का कहना है कि इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल मुख्य संदिग्ध पिता राहुल झा ही है, जिसकी गिरफ्तारी के बाद ही इस हत्याकांड के असली कारणों से पर्दा उठ सकेगा। पूरे इलाके में इस घटना के बाद से भारी दहशत और शोक का माहौल है।











































