अगर आप भी इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्ज लगा कर छोड़ देते हैं तो आप के साथ भी हो सकता हैं बड़ा हादसा!
जोधपुर के सरदारपुरा 8वीं सी रोड पर गुरुवार सुबह चार्जिंग के दौरान खड़ी दो इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगने की आशंका है। आग तेजी से फैलकर कुल 8 दोपहिया वाहनों तक पहुंच गई, जिससे सभी वाहन जलकर खाक हो गए। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने करीब आधे घंटे में आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन वाहन मालिकों को भारी नुकसान हुआ।
जोधपुर के सरदारपुरा क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा उस समय हो गया, जब गली में खड़ी दो इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्जिंग के दौरान अचानक आग की चपेट में आ गईं। कुछ ही मिनटों में आग ने आसपास खड़े अन्य वाहनों को भी अपनी गिरफ्त में ले लिया। देखते ही देखते कुल 8 दोपहिया वाहन धू-धू कर जलने लगे। घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
यह हादसा सुबह करीब 7:22 बजे सरदारपुरा की 8वीं सी रोड पर जिप्सी रेस्टोरेंट के सामने स्थित गली में हुआ। स्थानीय लोगों ने गली से धुआं और आग की ऊंची लपटें उठती देख तुरंत शास्त्री नगर फायर स्टेशन को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
