जोधपुर के सरकारी अस्पताल में बड़ा स्वास्थ्य संकट! 5 प्रसूताओं की बिगड़ी तबीयत, गलत ब्लड चढ़ाने की पुष्टि के बाद मचा हड़कंप..
जोधपुर के उम्मेद अस्पताल में पिछले दो दिनों में सिजेरियन प्रसव कराने वाली पांच महिलाओं की तबीयत बिगड़ गई। इनमें दो महिलाओं को वेंटिलेटर पर रखना पड़ा, जबकि तीन का आईसीयू में इलाज चल रहा है। इसी दौरान एक प्रसूता को कथित तौर पर गलत ब्लड ग्रुप का रक्त चढ़ाने का मामला भी सामने आया। प्रारंभिक जांच में ब्लड यूनिट की पहचान में कर्मचारियों की चूक स्वीकार की गई है। मामले की जांच जारी है।
जोधपुर। शहर के सरकारी अस्पतालों में प्रसूताओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पावटा जिला अस्पताल में सिजेरियन प्रसव के बाद कई महिलाओं की तबीयत बिगड़ने की घटना के कुछ ही समय बाद अब उम्मेद अस्पताल में भी चिंताजनक मामला सामने आया है। पिछले दो दिनों के दौरान सिजेरियन प्रसव कराने वाली पांच महिलाओं की तबीयत बिगड़ गई, जिनमें दो की हालत गंभीर होने पर वेंटिलेटर पर रखना पड़ा, जबकि तीन अन्य का आईसीयू में इलाज जारी है।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को ऑपरेशन के बाद दो प्रसूताओं की हालत अचानक गंभीर हो गई। वहीं इससे एक दिन पहले तीन अन्य महिलाओं में अत्यधिक रक्तस्राव (पोस्ट पार्टम हेमरेज) की स्थिति बनने पर उन्हें तुरंत आईसीयू में भर्ती करना पड़ा। डॉक्टरों का कहना है कि प्रसव के बाद अत्यधिक रक्तस्राव एक गंभीर चिकित्सीय आपात स्थिति होती है और समय पर उपचार नहीं मिलने पर मरीज की जान को खतरा हो सकता है।
एक प्रसूता को गलत ब्लड चढ़ाने का मामला आया सामने