गौरीकुंड हेलिकॉप्टर क्रैश: जयपुर के पायलट समेत 7 की मौत, डीएनए टेस्ट से होगी शवों की पहचान
गौरीकुंड हेलिकॉप्टर क्रैश: 15 जून 2025 को सुबह 5:15 बजे केदारनाथ-गौरीकुंड उड़ान में आर्यन एविएशन का हेलिकॉप्टर क्रैश, 7 की मौत, जिसमें जयपुर के पायलट राजवीर सिंह (37) शामिल। खराब मौसम कारण। राजवीर, रिटायर्ड आर्मी लेफ्टिनेंट कर्नल, 4 माह के जुड़वां बच्चों के पिता थे। शवों की पहचान के लिए डीएनए टेस्ट। जांच जारी, परिवार शोक में।
केदारनाथ के पास गौरीकुंड के जंगल में रविवार सुबह हुए हेलिकॉप्टर क्रैश में जयपुर के पायलट राजवीर सिंह (37) समेत सात लोगों की मौत हो गई। यह हादसा सुबह करीब 5:15 बजे हुआ, जब आर्यन एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलिकॉप्टर केदारनाथ से गौरीकुंड के लिए उड़ान भर रहा था। प्रारंभिक जांच में खराब मौसम को हादसे की वजह माना जा रहा है।
गढ़वाल रेंज के आईजी राजीव स्वरूप ने बताया कि शवों की स्थिति ऐसी है कि उनकी पहचान में मुश्किल हो रही है। शवों की शिनाख्त के लिए डीएनए टेस्ट कराया जाएगा, जिसके बाद ही इन्हें परिजनों को सौंपा जाएगा।
पायलट राजवीर सिंह आर्मी से रिटायर्ड, चार महीने पहले बने थे जुड़वां बच्चों के पिता
जयपुर के शास्त्री नगर निवासी राजवीर सिंह लेफ्टिनेंट कर्नल के पद से रिटायर्ड थे और पिछले 14 साल तक भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे चुके थे। वे पिछले नौ महीनों से आर्यन एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के लिए हेलिकॉप्टर उड़ा रहे थे, जो केदारनाथ यात्रा के लिए हेलिकॉप्टर सेवाएं प्रदान करती है।
