क्या आज आपके जिले में भी होगी बारिश? मौसम विभाग ने 29 जिलों के लिए जारी किया यलो अलर्ट, जानें 16 सितंबर तक कैसा रहेगा मौसम
राजस्थान मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 29 जिलों में झमाझम बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में 16 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहेगा, वहीं पश्चिमी राजस्थान में भीषण गर्मी के कारण पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। पढ़ें मौसम का पूरा अपडेट।
प्रदेश में मौसम इन दिनों दोहरे रंग दिखा रहा है। एक तरफ जहां पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान के कई जिलों में बदरा मेहरबान हैं, वहीं पश्चिमी राजस्थान के कई इलाके भीषण गर्मी और उमस की चपेट में हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने आज प्रदेश के 29 जिलों में तेज बारिश को लेकर यलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी किया है।
16 सितंबर तक मेहरबान रहेगा मानसून
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से उठा लो-प्रेशर सिस्टम वर्तमान में दक्षिणी छत्तीसगढ़ और उसके आसपास सक्रिय है। यह सिस्टम उत्तर-पश्चिमी दिशा की ओर आगे बढ़ रहा है। वहीं, मानसून ट्रफ लाइन जैसलमेर, कोटा से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक गुजर रही है। इसके प्रभाव से आगामी 16 सितंबर तक राजस्थान के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की पूरी संभावना है।