ईरान-इजराइल तनाव का असर: दुनियाभर के टूरिज्म सेक्टर को रोज़ 5,500 करोड़ का नुकसान
ईरान-इजराइल तनाव का असर अब वैश्विक टूरिज्म इंडस्ट्री पर भी पड़ रहा है। WTTC के मुताबिक इस संघर्ष के कारण दुनिया भर के टूर और ट्रैवल सेक्टर को रोजाना करीब 5,500 करोड़ रुपए का नुकसान हो रहा है, जबकि भारतीय पर्यटक अब मिडिल-ईस्ट की बजाय दूसरे देशों और घरेलू पर्यटन की ओर रुख कर रहे हैं।
मिडिल-ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब वैश्विक टूरिज्म इंडस्ट्री पर भी साफ दिखाई देने लगा है। ईरान पर इजराइल और अमेरिका के हमलों और क्षेत्र में बढ़ती सैन्य गतिविधियों के कारण दुनियाभर में ट्रैवल सेक्टर को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
वर्ल्ड ट्रैवल एंड टूरिज्म काउंसिल (WTTC) के अनुमान के मुताबिक इस संघर्ष की वजह से दुनिया भर के टूर और ट्रैवल सेक्टर को हर दिन करीब 5,500 करोड़ रुपए का नुकसान हो रहा है। मिडिल-ईस्ट के कई देशों में बढ़ते तनाव और सुरक्षा चिंताओं के चलते पर्यटक अपने ट्रैवल प्लान बदल रहे हैं, जिससे पर्यटन उद्योग प्रभावित हो रहा है।
अगर भारतीय पर्यटकों की बात करें तो हर साल भारत से विदेश यात्रा करने वाले लगभग आधे यात्री यूएई, सऊदी अरब, कतर और ओमान जैसे मिडिल-ईस्ट देशों की यात्रा करते हैं। इनमें से करीब 40 प्रतिशत लोग पर्यटन के उद्देश्य से इन देशों में जाते हैं। लेकिन हालात को देखते हुए अब कई भारतीय पर्यटक अपने ट्रैवल प्लान में बदलाव कर रहे हैं।