जाट महासभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश बेनीवाल पर जानलेवा हमला, फायरिंग से मचा हड़कंप...
जोधपुर जिले के आसोप थाना क्षेत्र में अखिल भारतीय आदर्श जाट महासभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश बेनीवाल पर शादी समारोह से लौटते समय 10–15 हमलावरों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने चार राउंड फायरिंग भी की और बेनीवाल व उनके साथियों पर प्राणघातक हमला किया। घटना में एक साथी गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे जोधपुर रेफर किया गया। मामले को लेकर जाट समाज सहित विभिन्न वर्गों में आक्रोश है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठी है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
राजस्थान के जोधपुर जिले में जाट समाज के वरिष्ठ नेता और अखिल भारतीय आदर्श जाट महासभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश बेनीवाल पर देर रात सुनियोजित तरीके से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है और जाट समाज सहित सर्व समाज में आक्रोश देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, प्रकाश बेनीवाल एक पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए पूर्व विधायक नारायण राम बेड़ा के परिवार के कार्यक्रम में गए थे। यह कार्यक्रम आसोप थाना क्षेत्र के गछीपुरा गांव में आयोजित था। समारोह में शिरकत करने के बाद जब वे अपने साथियों के साथ वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे असामाजिक तत्वों ने उनका रास्ता रोक लिया।
बताया जा रहा है कि करीब 10 से 15 हमलावरों ने अचानक हमला कर दिया और माहौल को डराने के लिए चार राउंड फायरिंग भी की। हमले के दौरान बेनीवाल और उनके साथ मौजूद लोगों पर प्राणघातक हमला किया गया। इस दौरान उनके एक साथी के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिनके सिर में 12 टांके लगाने पड़े। घायल को पहले भोपालगढ़ उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर मथुरादास माथुर अस्पताल, जोधपुर रेफर किया गया।