बाड़मेर में 27 अप्रैल को मेघवाल समाज का भव्य आयोजन: बालिका हॉस्टल भूमि पूजन, भूदानकर्ता सम्मान और नवचयनित IAS का अभिनंदन
राजस्थान के बाड़मेर में 27 अप्रैल 2025 को मेघवाल समाज शैक्षणिक एवं शोध संस्थान की ओर से एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन होने जा रहा है। इस अवसर पर बालिका छात्रावास के लिए भूमि पूजन, भूदानकर्ताओं का सम्मान और नवचयनित युवा आईएएस अधिकारियों का अभिनंदन किया जाएगा।
रिपोर्ट जसवंत सिंह शिवकर - बाड़मेर, 25 अप्रैल 2025: राजस्थान के बाड़मेर में 27 अप्रैल 2025 को मेघवाल समाज शैक्षणिक एवं शोध संस्थान की ओर से एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन होने जा रहा है। इस अवसर पर बालिका छात्रावास के लिए भूमि पूजन, भूदानकर्ताओं का सम्मान और नवचयनित युवा आईएएस अधिकारियों का अभिनंदन किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल, राजस्थान के उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा और महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री डॉ. मंजू बाघमार सहित कई दिग्गज नेता और समाज के गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे।
कार्यक्रम का विवरण
मेघवाल समाज शैक्षणिक एवं शोध संस्थान के अध्यक्ष डॉ. राहुल बामणिया ने बताया कि यह आयोजन रविवार, 27 अप्रैल को प्रातः 9 बजे से बाड़मेर के बाबा रामदेव नगर स्थित संस्थान के बालिका छात्रावास परिसर में आयोजित होगा। कार्यक्रम श्री चंचल प्राग मठ के महंत शंभूनाथ सैलानी के सानिध्य में संपन्न होगा। इस दौरान बालिका छात्रावास के लिए भूमि पूजन के साथ-साथ भूदानकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने इस नेक कार्य के लिए अपनी भूमि दान की है।