बाड़मेर जिला अस्पताल में आरोग्य शिविर और ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन: स्वास्थ्य सेवाओं की प्रदर्शनी लगी, चौहटन में नए जिला अस्पताल से मरीजों को मिलेगी राहत
राजस्थान सरकार के दो वर्ष पूरे होने और सीएम भजनलाल शर्मा के जन्मदिन पर बाड़मेर जिला अस्पताल में आरोग्य शिविर एवं ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित किया गया। विधायक प्रियंका चौधरी और आदूराम मेघवाल ने उद्घाटन किया। स्वास्थ्य योजनाओं की प्रदर्शनी लगाई गई तथा चौहटन में नए जिला अस्पताल की घोषणा से बाड़मेर अस्पताल पर भार कम होने की उम्मीद जताई गई।
बाड़मेर (राजस्थान)। राजस्थान में भजनलाल शर्मा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रदेश भर में विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार को बाड़मेर मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल में आरोग्य स्वास्थ्य शिविर तथा ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन बाड़मेर विधायक डॉ. प्रियंका चौधरी और चौहटन विधायक आदूराम मेघवाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।यह आयोजन न केवल सरकार की दो वर्ष की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का माध्यम बना, बल्कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जन्मदिन के अवसर पर भी विशेष रूप से मनाया गया। अस्पताल परिसर में ब्लड डोनेशन कैंप में मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राएं, नर्सिंग स्टाफ, स्वास्थ्यकर्मी और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।