सीकर में पर्यावरण बचाने का संदेश, ‘रन फॉर एनवायरनमेंट’ में प्रशासन और शहरवासियों ने लगाई दौड़
विश्व पर्यावरण दिवस से एक दिन पहले सीकर में ‘रन फॉर एनवायरनमेंट’ का आयोजन किया गया। पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती, कलेक्टर आशीष मोदी और एसपी प्रवीण नायक नूनावत ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया।
सीकर में विश्व पर्यावरण दिवस से एक दिन पहले गुरुवार को पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘रन फॉर एनवायरनमेंट’ का आयोजन किया गया। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सिल्वर जुबली रोड स्थित पुलिस लाइन ग्राउंड से हुआ। पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती, जिला कलेक्टर आशीष मोदी, पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत और दांतारामगढ़ विधानसभा क्षेत्र से विधायक प्रत्याशी गजानंद कुमावत ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया।
विशेष बात यह रही कि पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती स्वयं भी कलेक्टर और एसपी के साथ दौड़ में शामिल हुए और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया।