पेड़ से लटका मिला चाचा, जमीन पर पड़े थे दो भतीजों के शव
धौलपुर के कंचनपुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। खेत में 22 वर्षीय चाचा और दो मासूम भतीजों के शव मिलने से सनसनी फैल गई है।



राजस्थान के धौलपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कंचनपुर थाना क्षेत्र के पुरा सिकरौंदा गांव में बुधवार सुबह घर से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में एक युवक और उसके दो मासूम भतीजों के शव बरामद हुए हैं। चाचा का शव जहां पेड़ पर फंदे से लटका मिला, वहीं दोनों बच्चों की लाशें जमीन पर पड़ी थीं। बच्चों के गले पर निशान पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उनकी गला घोंटकर हत्या की गई है।
बहन के घर से लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, पुरा सिकरौंदा निवासी 22 वर्षीय विष्णु मंगलवार सुबह अपनी मां जनक (50) और दो भतीजों— सनी (10) व मानव (8) के साथ बाइक से 22 किलोमीटर दूर आकपुरा बसेड़ी गया था। वहां विष्णु की बहन के घर माता पूजन का कार्यक्रम था। कार्यक्रम के बाद विष्णु की मां वहीं रुक गई, जबकि विष्णु मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे दोनों बच्चों को लेकर बाइक से अपने गांव के लिए निकल गया।
रातभर नहीं लौटे, सुबह मिली खौफनाक खबर
विष्णु के पिता शीतोली ने बताया कि जब देर रात तक तीनों घर नहीं पहुंचे, तो उन्होंने रिश्तेदारों को फोन किया। विष्णु की मां ने बताया कि वे शाम को ही निकल चुके थे। रातभर तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह करीब 7 बजे पड़ोस के गांव के एक व्यक्ति ने सरकारी चारागाह भूमि में तीनों के शव देखे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर वह बाइक भी खड़ी मिली, जिससे वे लौट रहे थे।
पुलिस और FSL की टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही एसपी विकास सांगवान तुरंत मौके पर पहुंचे। कंचनपुर थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस और FSL की टीम ने घटनास्थल से अहम सबूत जुटाए हैं। शवों को बाड़ी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। मौके पर बाड़ी विधायक जसवंत सिंह गुर्जर और पूर्व विधायक बीएल कुशवाह ने भी पहुंचकर पीड़ित परिवार से बातचीत की।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
ग्रामीण सीओ मनोहर लाल मीणा के मुताबिक, प्रथमदृष्टया यह हत्या का मामला लग रहा है। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। मृतक बच्चों के पिता संतोष खेती करते हैं, जबकि मां वीनेश गृहिणी हैं। इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातम का माहौल है।












































