टायर फटने से खाई में गिरी कार, खाटूश्याम दर्शन कर लौट रहे 4 दोस्तों की मौत
जयपुर के रायसर में NH 148 पर स्विफ्ट कार का टायर फटने से दर्दनाक हादसा हुआ। खाटूश्यामजी के दर्शन कर लौट रहे आगरा के 4 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई और 2 बुरी तरह घायल हैं।



जयपुर जिले के रायसर इलाके में नेशनल हाईवे-148 (दौसा-मनोहरपुर) पर शुक्रवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार का अचानक टायर फट गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। इस कार में 6 दोस्त सवार थे, जिनमें से 4 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोग बुरी तरह घायल हो गए।
खाटूश्याम मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे सभी
सीओ रामकिशन विश्नोई ने बताया कि यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे की है। सभी 6 दोस्त उत्तर प्रदेश के आगरा शहर के रहने वाले थे और खाटूश्यामजी मंदिर से दर्शन करके वापस अपने घर लौट रहे थे। घायलों को तुरंत निम्स (NIMS) हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है।
मृतकों और घायलों की पहचान
पुलिस की जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में आगरा के रामबाग निवासी अतुल वार्षण (35), कालिंदी विहार निवासी मुकुल जायसवाल (21), रूपेश जाटव (25) और शिवा सिंह (20) ने अपनी जान गंवाई है। वहीं, आगरा के नुनिहाई के रहने वाले राहुल शर्मा (36) और बल्केश्वर निवासी अर्पित बंसल (20) गंभीर रूप से घायल हैं।
हाईवे पर लगा लंबा जाम, पुलिस ने करवाया क्लियर
हादसे के बाद मनोहरपुर-दौसा नेशनल हाईवे पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया। करीब एक घंटे तक गाड़ियों की रफ्तार थमी रही। पुलिस ने घायलों को हॉस्पिटल भेजकर क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हाईवे से हटवाया और ट्रैफिक को नॉर्मल किया।
राजस्थान में सड़क हादसों का डरावना सच
ट्रांसपोर्ट और पुलिस डिपार्टमेंट के नए आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में सड़क हादसों के मामले में राजस्थान छठे स्थान पर है। साल 2025 में राज्य में कुल 23,820 एक्सीडेंट हुए, जिनमें से 15,647 हादसे सिर्फ ओवरस्पीडिंग (तेज रफ्तार) की वजह से हुए हैं। इन हादसों में करीब 7,600 लोगों ने अपनी जान गंवाई है। ध्यान देने वाली बात यह है कि 2024 के मुकाबले 2025 में हादसे बेशक 1,018 कम हुए हों, लेकिन मौत का आंकड़ा 307 बढ़ गया है। आज भी 63 फीसदी हादसे सिर्फ तेज रफ्तार के कारण हो रहे हैं।












































