गर्लफ्रेंड संग ऊटी-नैनीताल घूमने के लिए जिम ट्रेनर बना चोर, ईद के बाद अय्याशी का था प्लान
राजस्थान के सिरोही जिले के आबूरोड में 50 लाख रुपए के गहनों और 2 लाख नकदी की चोरी के मामले में पुलिस ने जिम ट्रेनर मासुक खान को गिरफ्तार किया है।
राजस्थान के सिरोही जिले के आबूरोड में हुई 50 लाख रुपए के गहनों की चोरी का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। इस मामले में गिरफ्तार जिम ट्रेनर मासुक खान ने पूछताछ के दौरान जो वजह बताई, उसने पुलिस अधिकारियों को भी हैरान कर दिया। आरोपी ने कबूल किया कि उसने अपनी गर्लफ्रेंड से ईद के बाद ऊटी और नैनीताल जैसे ठंडे व खूबसूरत पर्यटन स्थलों पर घूमने ले जाने का वादा किया था। इसी वादे को पूरा करने और ऐशो-आराम की जिंदगी जीने के लिए उसने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया।
11 अप्रैल की रात दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार आबूरोड के रीको क्षेत्र निवासी जितेन्द्र सिंह अपने परिवार के साथ 10 अप्रैल को गुजरात के भरूच गए थे। परिवार के बाहर होने की जानकारी पहले से मासुक खान को थी, क्योंकि उसका घर में आना-जाना लगा रहता था।
आरोप है कि उसने पहले ही घर की चाबियों का एक सेट चोरी कर लिया था। 11 अप्रैल की रात वह सीसीटीवी कैमरों से बचते हुए घर पहुंचा और चाबी से मुख्य दरवाजा खोलकर अंदर दाखिल हो गया। इसके बाद अलमारी खोलकर करीब 50 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने और 2 लाख रुपए नकद लेकर फरार हो गया।