भरतपुर: अवैध धंधों में साथ देने से इनकार पर विवाद, पथराव के दौरान महिला की मौत; दोस्त पर धक्का देने का आरोप
भरतपुर के मथुरागेट थाना क्षेत्र में नशे के अवैध धंधे में शामिल होने से मना करने पर विवाद इतना बढ़ गया कि पथराव और मारपीट के दौरान एक 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
भरतपुर शहर के मथुरागेट थाना क्षेत्र के पटपरा मोहल्ले में देर रात हुए एक विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जिसमें एक 55 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है, जिससे पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ले में रहने वाले कुछ युवकों द्वारा एक परिवार पर अवैध नशे के कारोबार में साथ देने का दबाव बनाया जा रहा था। परिजनों का आरोप है कि छोटे बेटे जीतू को गांजा सप्लाई और अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल होने के लिए मजबूर किया जा रहा था, लेकिन उसने इससे साफ इनकार कर दिया था।
इसी रंजिश के चलते देर रात आरोपियों ने पीड़ित परिवार के घर पर हमला कर दिया। परिजनों के अनुसार, आरोपी युवक सुनीत अपने साथियों पुष्पेंद्र, राजू, देवो और एक अन्य व्यक्ति के साथ घर के बाहर पहुंचा और गालियां देने लगा। जब किसी ने बाहर आकर जवाब नहीं दिया तो आरोपियों ने घर पर पथराव शुरू कर दिया।