एक iPhone की चाहत ने ली 3 जिंदगियां: बेटे को बचाने में खाई में गिरे पिता, सदमे में मां ने भी लगा दी छलांग
छत्रपति संभाजीनगर के तिसगांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 19 वर्षीय छात्र की महंगे आईफोन की किस्त (EMI) न भर पाने की जिद और तनाव ने पूरे परिवार का खात्मा कर दिया।
आज के दौर की आधुनिक चकाचौंध और महंगे गैजेट्स की लत किस कदर जानलेवा हो सकती है, इसका उदाहरण छत्रपति संभाजीनगर में देखने को मिला है। यहां एक महंगे आईफोन (iPhone) की चाहत और उसकी किस्त न चुका पाने के तनाव में एक हंसता-खेलता परिवार चंद सेकंड में खत्म हो गया। शुक्रवार, 21 अगस्त को तिसगांव की 'खावल्या' पहाड़ी से गिरकर 19 वर्षीय कुणाल छांगुड़े, उसके पिता मुरलीधर (48) और मां संगीता छांगुड़े (42) की दर्दनाक मौत हो गई।
आखिर क्या हुआ था 'खावल्या' पहाड़ी पर?
जानकारी के अनुसार, आईफोन की ईएमआई बाउंस होने से परेशान कुणाल शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे आत्महत्या के इरादे से 'खावल्या' पहाड़ी पर चढ़ गया था। सूचना मिलते ही ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे। माता-पिता भी बेटे को समझाने और बचाने के लिए पहाड़ी पर गए। इसी बीच, पिता मुरलीधर ने कुणाल को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर खींचने की कोशिश की, लेकिन दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे सैकड़ों फीट नीचे गहरी खाई में जा गिरे। पति और जवान बेटे को आंखों के सामने पहाड़ से गिरता देख मां संगीता इस गहरे सदमे को बर्दाश्त नहीं कर पाईं और उन्होंने भी उसी जगह से छलांग लगाकर अपनी जान दे दी।