सोनू सूद की नई पहल: पंजाब के बाढ़ प्रभावित 180 परिवारों को मिलेंगे पक्के घर
अभिनेता सोनू सूद और उनकी बहन मालविका सूद ने अपनी सामाजिक पहल 'छत आपकी जिम्मेदारी हमारी' के तहत पंजाब के बाढ़ प्रभावित 180 जरूरतमंद परिवारों को पक्के घर देने का ऐलान किया है। इस पहल का उद्देश्य बाढ़ में घर खो चुके परिवारों को सुरक्षित आशियाना उपलब्ध कराना है।
भारत में जब भी जरूरतमंदों की मदद की बात होती है, तो बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद का नाम सबसे पहले लिया जाता है। अब एक बार फिर उन्होंने अपनी समाजसेवा से लोगों का दिल जीत लिया है। पंजाब में हाल ही में आई बाढ़ से प्रभावित 180 जरूरतमंद परिवारों को सोनू सूद और उनकी बहन मालविका सूद की सामाजिक पहल 'छत आपकी जिम्मेदारी हमारी' के तहत पक्के घर उपलब्ध कराए जाएंगे।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य उन परिवारों को नया आशियाना देना है, जिनके कच्चे मकान या टाइलों वाली छतें बाढ़ के कारण पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। कई परिवारों के सिर से छत छिन जाने के बाद वे अस्थायी शिविरों या रिश्तेदारों के यहां रहने को मजबूर हैं। ऐसे में यह पहल उनके लिए नई उम्मीद लेकर आई है।
सोनू सूद ने कहा कि घर केवल ईंट-पत्थरों से बना ढांचा नहीं होता, बल्कि यह परिवार की सुरक्षा, सम्मान और भविष्य की नींव होता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रभावित परिवारों को मजबूत और सुरक्षित पक्के घर उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि वे दोबारा सामान्य जीवन की शुरुआत कर सकें।