बाड़मेर में आधी रात घर में घुसे बदमाश... बच्चों के साथ सो रही विवाहिता से मारपीट
बाड़मेर में देर रात कुछ बदमाशों के घर में घुसकर विवाहिता और उसके बच्चों के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है।
बाड़मेर: जिले में एक विवाहिता के साथ देर रात घर में घुसकर मारपीट और अभद्र व्यवहार करने का मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई जब महिला अपने बच्चों के साथ घर में सो रही थी। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि बदमाश जबरन घर में घुस आए, गालियां दीं और उसके साथ मारपीट की। इस दौरान बच्चों के साथ भी मारपीट की गई।
पीड़िता की रिपोर्ट के अनुसार, घटना देर रात करीब 12:30 बजे की है। कुछ लोग घर के बाहर पहुंचे और बाहर निकलने के लिए आवाज लगाने लगे। जब किसी ने दरवाजा नहीं खोला तो आरोपियों ने दरवाजों और खिड़कियों पर लाठी-डंडों से वार करना शुरू कर दिया।
कुछ देर बाद आरोपी जबरन घर में घुस गए और महिला के साथ मारपीट की। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार भी किया। इस दौरान घर में मौजूद बच्चों के साथ भी मारपीट की गई, जिससे वे डर गए।