जगन गुर्जर हत्याकांड: भाई पप्पू को अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति, मेडिकल बोर्ड की निगरानी में होगा पोस्टमॉर्टम
अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में मारे गए कुख्यात दस्यु जगन गुर्जर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए कोर्ट ने उसके भाई पप्पू गुर्जर को कड़ी सुरक्षा के बीच अनुमति दे दी है।
राजस्थान की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में मारे गए कुख्यात दस्यु जगन गुर्जर के मामले में लगातार नए घटनाक्रम सामने आ रहे हैं। कोर्ट ने जगन के छोटे भाई पप्पू गुर्जर को उसके अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति दे दी है। पप्पू भी फिलहाल अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में बंद है और उसने जेल प्रशासन के माध्यम से अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति मांगी थी।
अदालत ने जेल प्रशासन की ओर से दायर अर्जी पर सुनवाई करते हुए पप्पू गुर्जर को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अंतिम संस्कार में शामिल होने की मंजूरी दी। अंतिम संस्कार के दिन उसे पुलिस सुरक्षा में धौलपुर जिले स्थित पैतृक गांव ले जाया जाएगा।
मेडिकल बोर्ड की निगरानी में होगा पोस्टमॉर्टम
सीओ मनीष बडगुर्जर ने बताया कि जगन गुर्जर के परिजन अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं। उनकी मांगों से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है और प्रशासन लगातार परिजनों से बातचीत कर रहा है। उन्होंने बताया कि जगन के शव का पोस्टमॉर्टम मेडिकल बोर्ड की निगरानी में कराया जाएगा।