Jagan Gurjar Murder: विष्णु को पता था, अगर जगन गुर्जर बच गया तो उसकी मौत तय थी; पूछताछ में सामने आई हत्या की असली वजह
अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की हत्या के मामले में आरोपी विष्णु जाट ने पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा किया है।
राजस्थान की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की हत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मामले में आरोपी बंदी विष्णु जाट से पुलिस की पूछताछ में हत्या की वजह को लेकर अहम जानकारी सामने आई है।
पुलिस और जेल सूत्रों के मुताबिक, विष्णु ने पूछताछ में बताया कि जगन गुर्जर अक्सर उसका मजाक उड़ाता था और छोटी-छोटी बातों पर उसे अपमानित करता था। लंबे समय से हो रहे इस व्यवहार से वह मानसिक रूप से परेशान था और उसने मन ही मन जगन की हत्या करने का फैसला कर लिया था। वह सिर्फ सही मौके का इंतजार कर रहा था।
गमछे से गला घोंटा, फिर हाथों से भी दबाया
जांच में सामने आया है कि घटना वाले दिन विष्णु ने पहले गमछे से जगन गुर्जर का गला घोंटा। इसके बाद उसने हाथों से भी उसका गला दबाया ताकि उसके बचने की कोई संभावना न रहे। पूछताछ में उसने कथित तौर पर कहा कि अगर जगन जिंदा बच जाता तो उसकी अपनी मौत तय थी। इसी डर से उसने यह सुनिश्चित किया कि जगन किसी भी हालत में बच न सके।