बाड़मेर में करैत सांप का कहर: पति-पत्नी की मौत, 5 साल का बेटा जिंदगी की जंग लड़ रहा... अगली रात फिर उसी खाट के पास पहुंचा सांप
बाड़मेर के फागलिया गांव में करैत सांप ने घर के बाहर सो रहे पति-पत्नी और उनके 5 वर्षीय बेटे को डस लिया। इलाज के दौरान पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि बच्चा जोधपुर एम्स में भर्ती है। हैरानी की बात यह रही कि सांप अगली रात फिर उसी खाट के पास पहुंच गया, जहां ग्रामीणों ने उसे मार डाला
राजस्थान के बाड़मेर जिले में करैत सांप के डसने से एक ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सेड़वा थाना क्षेत्र के फागलिया गांव में घर के बाहर खाट पर सो रहे पति-पत्नी और उनके मासूम बेटे को जहरीले करैत सांप ने काट लिया। इस दर्दनाक घटना में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनका 5 वर्षीय बेटा जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
इलाज के दौरान पति-पत्नी ने तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार फागलिया गांव निवासी श्रवणराम (28), उनकी पत्नी लाछी (23) और बेटा विकास (5) घर के बाहर खाट पर सो रहे थे। इसी दौरान रात में करैत सांप ने तीनों को डस लिया।
परिजनों ने उन्हें तत्काल सेड़वा अस्पताल पहुंचाया, जहां लाछी की इलाज के दौरान मौत हो गई। गंभीर हालत में श्रवणराम को सांचौर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं मासूम विकास को समय रहते जोधपुर एम्स पहुंचा दिया गया, जहां उसका उपचार जारी है।