निकाय चुनाव का रिजल्ट LIVE ; BJP Vs Congress
राजस्थान नगर निकाय चुनाव 2026 (Rajasthan Nikay Chunav 2026) के लिए आज वोटों की गिनती हो रही है। राज्य के 309 निकायों के 10,167 वार्डों के नतीजे आज प्रदेश की नई शहरी सरकार तय करेंगे। जानिए मतगणना और बाड़ेबंदी से जुड़ी हर बड़ी अपडेट।




जोधपुर निकाय चुनाव में दोनों पार्टी के हुआ बराबर बोर्ड 1 सीट पर छिडा सस्पेंस..जोधपुर में मतगणना के अंतिम परिणाम में EVM मशीन में आयी तकनीकी खराबी सभी की निगाहें अब 1 सीट पर..
हनुमानगढ़। जिले की नगरपालिका गोलूवाला और नगर परिषद टिब्बी के चुनाव परिणामों ने सियासी तस्वीर दिलचस्प बना दी है। गोलूवाला में भाजपा और कांग्रेस बराबरी पर रहीं, जबकि टिब्बी में निर्दलीय प्रत्याशियों ने दोनों प्रमुख दलों को पीछे छोड़ दिया।
गोलूवाला नगरपालिका के 25 वार्डों के परिणाम में कांग्रेस और भाजपा को 10-10 सीटें मिली हैं। वहीं 5 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। दोनों प्रमुख दलों के बराबर रहने के कारण अब पालिका में बोर्ड बनाने के लिए निर्दलीयों की भूमिका अहम हो गई है। ये पांच निर्दलीय पार्षद ही तय करेंगे कि सत्ता की कमान किसके हाथ जाती है।
टिब्बी नगर परिषद में निर्दलीयों का प्रदर्शन और भी मजबूत रहा। कुल 20 वार्डों में से 11 पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत हासिल की। कांग्रेस के खाते में 8 सीटें आईं, जबकि माकपा ने एक वार्ड में जीत दर्ज की। भाजपा यहां अपना खाता भी नहीं खोल सकी।
दोनों निकायों के परिणामों के बाद निर्दलीय पार्षद सत्ता की चाबी लेकर बैठे हैं। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि बोर्ड गठन के समय निर्दलीय किस दल का साथ देते हैं।
खाटूश्यामजी नगर पालिका के चुनाव नतीजों के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। यहां किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। भाजपा और कांग्रेस ने बराबर 8-8 वार्डों में जीत दर्ज की है, जबकि RLP के खाते में 1 सीट आई है। वहीं 3 निर्दलीय प्रत्याशी भी जीत हासिल करने में सफल रहे हैं। ऐसे में बोर्ड गठन को लेकर राजनीतिक समीकरण दिलचस्प हो गए हैं।
श्रीमाधोपुर नगर पालिका के सभी 35 वार्डों के परिणाम सामने आ चुके हैं। चुनाव में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 19 सीटों पर कब्जा जमाया, जिससे पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिल गया है। कांग्रेस को 9 वार्डों में जीत मिली, जबकि 7 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे। भाजपा के बहुमत में आने के साथ ही यहां
बीकानेर नगर निगम के अब तक घोषित 21 वार्डों के परिणामों में भाजपा ने बढ़त हासिल की है। भाजपा प्रत्याशियों ने 11 वार्डों में जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस के खाते में 8 सीटें गईं। वहीं, 2 वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवारों ने बाजी मारते हुए जीत अपने नाम की।
राजस्थान निकाय चुनाव की मतगणना के बीच बारां नगर परिषद से बड़ा चुनावी अपडेट सामने आया है। शुरुआती 11 वार्डों के नतीजों में आम आदमी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 सीटों पर जीत दर्ज की है।
बारां में AAP के इस प्रदर्शन ने चुनावी समीकरणों को चौंका दिया है। पार्टी ने शुरुआती नतीजों में ही मजबूत बढ़त बनाते हुए 11 में से 9 वार्ड अपने नाम कर लिए। वहीं, भाजपा और कांग्रेस के खाते में फिलहाल एक-एक वार्ड की जीत आई है।
इन नतीजों के बाद बारां नगर परिषद में आम आदमी पार्टी के प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
अजमेर नगर निगम चुनाव की मतगणना के दौरान वार्ड नंबर 4 का परिणाम सबसे चौंकाने वाला रहा। यहां दो बार मेयर रह चुके धर्मेंद्र गहलोत को भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी मोनिका जैन ने शिकस्त दे दी।
शुरुआत से ही इस वार्ड के मुकाबले पर सभी की नजरें टिकी हुई थीं। चुनाव परिणाम सामने आने के बाद मोनिका जैन ने जीत दर्ज कर बड़ा राजनीतिक उलटफेर कर दिया। वहीं, धर्मेंद्र गहलोत की हार को अजमेर की सियासत में अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।
वार्ड 4 की विजेता: मोनिका जैन, भाजपा
पराजित: धर्मेंद्र गहलोत, पूर्व मेयर अजमेर
धर्मेंद्र गहलोत की हार के बाद अजमेर नगर निगम के स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
धोरीमन्ना नगरपालिका चुनाव के सभी वार्डों के नतीजे घोषित हो चुके हैं। भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 20 में से 14 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस को 3 और निर्दलीय प्रत्याशियों को भी 3 सीटें मिलीं। बहुमत के लिए जरूरी संख्या से काफी आगे निकलते हुए भाजपा ने नगरपालिका में अपना बोर्ड बनाने की स्थिति मजबूत कर ली है। अब सबकी नजरें चेयरमैन पद पर टिकी हैं कि इस अहम कुर्सी पर किसकी ताजपोशी होती है।
टोंक जिले की निवाई नगर पालिका के शुरुआती पांच वार्डों के नतीजों में भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला बराबरी का नजर आ रहा है। दोनों दलों ने दो-दो वार्डों में जीत दर्ज की है, जबकि एक सीट निर्दलीय प्रत्याशी के खाते में गई है। वार्ड 1 से निर्दलीय ओमप्रकाश गवारिया, वार्ड 2 से कांग्रेस के दयाराम जाट, वार्ड 3 से भाजपा के करण सिंह, वार्ड 4 से कांग्रेस के गुलाबचंद मीणा और वार्ड 5 से भाजपा के नरेंद्र कुमार शर्मा विजयी रहे।
बारां जिले की अटरू नगर पालिका चुनाव में भाजपा के टिकट पर मैदान में उतरे कृष्ण मुरारी दिलावर ने वार्ड नंबर 5 से जीत हासिल कर ली है। कृष्ण मुरारी राजस्थान सरकार के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के छोटे भाई हैं। उनकी जीत के बाद अटरू नगर पालिका में चेयरमैन पद को लेकर राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है।
चूरू नगर परिषद की मतगणना के पहले चरण में वार्ड 1 से 7 तक के नतीजे घोषित हो गए हैं। शुरुआती सात वार्डों में कांग्रेस ने 4 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा के खाते में 3 वार्ड आए। वार्ड 1 में बजरंग ने कांग्रेस के लिए 726 वोट हासिल कर जीत दर्ज की और भाजपा के मुकेश कुमार को 449 वोट मिले। वार्ड 2 में भाजपा की पूजा सैनी 328 वोट लेकर विजयी रहीं, जबकि कांग्रेस की सरिता सैनी को 213 वोट मिले। वार्ड 3 में कांग्रेस की शायना बानो ने 586 वोट के साथ जीत हासिल की, भाजपा की सुमन को 551 वोट मिले। वार्ड 4 में कांग्रेस की अनिता 793 वोट पाकर जीतीं, जबकि भाजपा की कृष्णा देवी को 425 वोट मिले। वार्ड 5 में कांग्रेस के कमलेश ने 724 वोट हासिल कर बाजी मारी और भाजपा की शमीम को 466 वोट मिले। वार्ड 6 में कांग्रेस के साजिद खान 733 वोट लेकर विजेता बने, जबकि निर्दलीय इन्तजार को 442 वोट मिले। वहीं वार्ड 7 में भाजपा की तारा कंवर ने 533 वोट के साथ जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस की नसीम बानो को 417 वोट मिले।

बाड़मेर में वोटों की गिनती जारी है..

झुंझुनूं नगर परिषद की मतगणना में पहला नतीजा वार्ड नंबर 3 से आया है। मोतीलाल कॉलेज स्थित काउंटिंग सेंटर के कमरा नंबर 203 में हुई गिनती के बाद निर्दलीय प्रत्याशी साजिदा को विजेता घोषित किया गया। साजिदा ने कुल 214 वोट हासिल कर जीत अपने नाम की।
झुंझुनूं नगर परिषद के 60 वार्डों के वोटों की गिनती 8 टेबलों पर कुल 14 चरणों में होगी। वहीं बगड़ नगर पालिका के 19 वार्डों की मतगणना 5 राउंड में पूरी की जाएगी। इसके लिए मतगणना हॉल के रूम नंबर 203 और 209 में कर्मचारियों की तैनाती सहित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
चौहटन के वार्ड नंबर 2 में भाजपा प्रत्याशी ने जीत दर्ज की, जबकि वार्ड नंबर 5 से निर्दलीय प्रत्याशी गुलाब सिंह विजयी रहे।
बड़ी खबर चौहटन से पांच वार्डो का परिणाम आया सामने वार्ड संख्या 1 से 5 में एक बीजेपी और चार निर्दलीय प्रत्याशी जीते
चौहटन के वार्ड नंबर 2 में भाजपा प्रत्याशी बदामी देवी की जीत,वार्ड 13 की हॉट सीट से कैलाश कोटड़िया की जीत,चौहटन वार्ड नंबर 9 से कमलेश कुमार बोथरा भाजपा से,चौग़ाह के वार्ड 8 से निर्दलीय
जयपुर नगर निगम समेत अन्य निकायों की मतगणना भवानी निकेतन कॉलेज में हो रही है। यहां प्रत्याशियों और उनके एजेंटों के बैठने के लिए लगाए गए टेंट की व्यवस्थाओं को लेकर आपत्तियां सामने आई हैं। लोगों का कहना है कि टेंट में न पंखों की पर्याप्त व्यवस्था है और न ही सफाई का उचित इंतजाम। साथ ही, एक बार प्रवेश करने के बाद बाहर निकलने की अनुमति नहीं दिए जाने को लेकर भी नाराजगी जताई जा रही है।
चौहटन वार्ड नंबर 1 में निर्दलीय प्रत्याशी मदन सिंह ने जीत दर्ज की
बाड़मेर वार्ड नंबर 12 में कांग्रेस ने दर्ज की जीत, वार्ड नंबर 2 में भाजपा प्रत्याशी विजयी
सुबह 8 बजे मतगणना केंद्रों पर ईवीएम से वोटों की गिनती शुरू होगी। इसके करीब आधे घंटे बाद, 8:30 से 8:45 बजे के बीच शुरुआती रुझान सामने आने की संभावना है। माना जा रहा है कि दोपहर 12 बजे तक राज्य के ज्यादातर वार्डों में हार-जीत की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
राजस्थान निकाय चुनाव 2026 के तहत हुए ऐतिहासिक मतदान के बाद आज नतीजों का दिन है। राज्य के 309 शहरी निकायों की नई सरकार चुनने के लिए 14 सितंबर 2026 को सुबह 8 बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वोटों की गिनती शुरू हो गई है।
प्रदेश के 10,167 वार्डों के लिए 38,889 उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई है। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, 9 और 11 सितंबर को दो चरणों में हुए इन चुनावों में कुल 74.05 प्रतिशत बंपर वोटिंग दर्ज की गई थी। आज आने वाले नतीजे 21 सितंबर को होने वाले मेयर और चेयरमैन चुनावों की दिशा तय करेंगे।
सबसे पहले गिने जा रहे हैं डाक मतपत्र
मतगणना केंद्रों पर सुबह 8 बजे से ही सबसे पहले सर्विस वोटर्स और चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों के डाक मतपत्रों (पोस्टल बैलेट) की गिनती शुरू की गई। इसके लिए हर सेंटर पर 2 से 4 विशेष टेबल लगाई गई हैं। डाक मतपत्रों की गिनती के बाद भारी सुरक्षा और वीडियोग्राफी के बीच स्ट्रांग रूम खोले गए और ईवीएम (EVM) मशीनों के कंट्रोल यूनिट्स से वोटो की गिनती का दौर शुरू हो चुका है। जयपुर स्थित राज्य निर्वाचन आयोग के वॉर रूम से सभी जिलों के रिटर्निंग अधिकारियों से सीधा संपर्क साधा गया है ताकि हर राउंड का रिजल्ट तुरंत पोर्टल पर अपडेट हो सके।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, परिंदा भी नहीं मार सकता पर
पूरे प्रदेश में मतगणना केंद्रों को अभेद्य किले में तब्दील कर दिया गया है:
त्रिस्तरीय सुरक्षा: तड़के 5 बजे से ही पुलिस और आरएसी (RAC) की टुकड़ियों ने केंद्रों को अपने घेरे में ले लिया है। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के जवान भी मोर्चे पर तैनात हैं।
सघन जांच: बिना अधिकृत पास के किसी भी व्यक्ति या राजनीतिक एजेंट को अंदर जाने की अनुमति नहीं है। मुख्य गेट पर मेटल डिटेक्टर से हर व्यक्ति की चेकिंग की जा रही है।
प्रमुख केंद्र: जयपुर के भवानी निकेतन कॉलेज (15 हॉल, 150 टेबल), जोधपुर के राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, उदयपुर के आर्ट्स कॉलेज और कोटा के जेडीबी कॉलेज सहित सभी प्रमुख स्थानों पर काउंटिंग सुचारू रूप से जारी है।
77 सीटों पर पहले ही हो चुका है फैसला
आज के नतीजों से पहले ही 77 वार्डों की तस्वीर साफ हो चुकी है, जहां प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए हैं। इनमें भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 44 सीटों पर, कांग्रेस ने 16 सीटों पर और निर्दलीयों ने 17 सीटों पर बिना कोई चुनाव लड़े जीत दर्ज कर ली है।
रिसॉर्ट्स में कैद हुए प्रत्याशी
21 सितंबर को होने वाले मेयर, सभापति और पालिका अध्यक्ष के चुनावों में क्रॉस वोटिंग और हॉर्स ट्रेडिंग (खरीद-फरोख्त) के डर से भाजपा और कांग्रेस दोनों ने ही 'बाड़ेबंदी' शुरू कर दी है। जयपुर, अजमेर और पुष्कर के लग्जरी रिसॉर्ट्स में दोनों पार्टियों ने अपने-अपने संभावित विजेताओं को ठहराया हुआ है।
पार्टी के बड़े रणनीतिकार सुबह की चाय के साथ ही रिसॉर्ट्स में एक्टिव हो गए हैं और पल-पल की रिपोर्ट ले रहे हैं। त्रिशंकु परिणाम की स्थिति से निपटने के लिए दोनों ही दलों के नेताओं ने मजबूत निर्दलीय प्रत्याशियों से अभी से फोन पर संपर्क साधना शुरू कर दिया है। मतगणना के बाद जीतने वाले उम्मीदवारों को सीधे रिसॉर्ट्स में ले जाने के लिए बाहर गाड़ियों का काफिला तैयार खड़ा है।
बड़े शहरों पर टिकी है सबकी निगाहें
राज्य के 10 बड़े नगर निगमों (जिसमें जयपुर, जोधपुर और कोटा शामिल हैं) के परिणामों पर पूरे प्रदेश की नजर है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन बड़े शहरों का जनादेश ही राज्य की भावी राजनीति का असल रुझान सेट करेगा। कस्बों और छोटे शहरों में भी सुबह 7 बजे से ही चाय की थड़ियों पर चुनावी चर्चाओं और हार-जीत के गुणा-भाग का दौर गर्म है।













































