बहन का आखिरी वीडियो: "भूखी-प्यासी बच्चे संग भागी, अवैध संबंधों की अफवाह से तंग आकर दी जान
अनीता (37), उनके बेटे लेतेश (12) और भांजे शुभम (27) ने जहर पीकर आत्महत्या की। अनीता ने सुसाइड से पहले वीडियो में ससुराल वालों पर उत्पीड़न और बदनामी का आरोप लगाया, कहा- "मुझे और मेरे भांजे को झूठे अफेयर के इल्जाम में परेशान किया।" पुलिस जांच कर रही है, ससुराल वालों पर FIR दर्ज।
एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे भरतपुर को झकझोर कर रख दिया है। 2 अगस्त की सुबह सेवर थाना क्षेत्र में फौजदार मोटर गैरेज के बाहर तीन शव मिले। इनमें 37 वर्षीय अनीता, उनके 12 वर्षीय बेटे लेतेश और 27 वर्षीय भांजे शुभम की लाश थी। पास में एक खाली बोतल पड़ी थी, जिससे पुलिस ने प्रारंभिक जांच में जहर पीकर आत्महत्या का अनुमान लगाया। लेकिन इस त्रासदी के पीछे की कहानी और भी दर्दनाक है, जो अनीता के आखिरी वीडियो और उनके भाई की शिकायत से सामने आई है।
अनीता का आखिरी वीडियो बदनामी और उत्पीड़न की
सुसाइड से ठीक पहले अनीता ने एक वीडियो बनाया, जिसमें उन्होंने अपने साथ हो रहे अन्याय को बयां किया। वीडियो में वह कहती हैं, "मुझे बदनाम करने की कोशिश मत करना। मैंने कोई गलत काम नहीं किया। मेरा भांजा गलत नहीं है। मुझे इतना परेशान किया कि मैं और मेरा बच्चा भूखे-प्यासे भाग रहे हैं।" अनीता ने ससुराल वालों, खासकर अपने देवर मोनू पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उनके पति ने उन्हें छोड़ दिया और देवर रात में आकर धमकियां देता था। "उसने कहा कि तुझे और तेरे बच्चे को जान से मार दूंगा।"
