भरतपुर में मॉर्निंग वॉक पर निकली नीट अभ्यर्थी की दर्दनाक मौत, तेज रफ्तार डंपर ने कुचला
भरतपुर के नदबई कस्बे में मॉर्निंग वॉक पर निकली 17 वर्षीय नीट अभ्यर्थी की तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से मौत हो गई।
जिले के नदबई कस्बे में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। मॉर्निंग वॉक पर निकली छात्रा को तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वह वाहन के नीचे आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के समय उसके साथ चल रही मां बाल-बाल बच गईं, लेकिन अपनी बेटी को आंखों के सामने खो देने का गहरा सदमा उन्हें लगा।
मृतका के चाचा हरिओम के अनुसार, पायल (17) शनिवार सुबह करीब 5 बजे अपनी मां सुनीता देवी के साथ मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थी। सुबह करीब 6:15 बजे दोनों नदबई के खांगरी बाइपास के पास पहुंचे। इसी दौरान हलैना की ओर से तेज गति से आ रहे डस्ट से भरे डंपर ने पीछे से पायल को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां सुरक्षित बच गईं।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। नदबई थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए राजकीय जिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। पुलिस ने हादसे में शामिल डंपर को जब्त कर लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश जारी है।
परिजनों ने बताया कि पायल पढ़ाई में बेहद होनहार थी। उसने हाल ही में नीट (NEET) परीक्षा दी थी और परिणाम का इंतजार कर रही थी। परिवार को उम्मीद थी कि वह डॉक्टर बनकर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन करेगी, लेकिन सड़क हादसे ने उसके सभी सपनों को अधूरा छोड़ दिया।
पायल किसान परिवार से थी और अपने माता-पिता की सबसे छोटी बेटी थी। घर में सबसे लाड़ली होने के कारण उसके निधन से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। मामले में डंपर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
Bringing truth from the ground राजस्थान और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें सरल और प्रभावी अंदाज़ में प्रस्तुत करना, ताकि हर पाठक तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।
V-Card