नाबालिग से दोस्ती पड़ी भारी! 3 दिन तक बंधक बनाकर वॉलीबॉल प्लेयर को पीटा, पसलियां टूटकर फेफड़ों में घुसीं
फरीदाबाद के वॉलीबॉल खिलाड़ी मोनू हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। नाबालिग लड़की से दोस्ती के चलते उसे कथित तौर पर किडनैप कर 3 दिनों तक बंधक बनाकर पीटा गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सिर, नाक और पसलियां टूटने की पुष्टि हुई है।
फरीदाबाद में सामने आए वॉलीबॉल खिलाड़ी मोनू हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मामले की जांच में अब कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक, 21 वर्षीय खिलाड़ी को कथित तौर पर नाबालिग लड़की से दोस्ती की वजह से अगवा कर तीन दिनों तक बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया।
मोनू राजस्थान के भिवाड़ी स्थित सैदपुर गांव का रहने वाला था और वॉलीबॉल का स्टेट लेवल खिलाड़ी था। बताया जा रहा है कि करीब 8 महीने पहले उसकी दोस्ती फरीदाबाद की रहने वाली एक नाबालिग लड़की से हुई थी। लड़की का ननिहाल मोनू के गांव में था और दोनों रिश्ते में भाई-बहन लगते थे। इसी वजह से लड़की के परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं था।
अप्रैल में दर्ज हुआ था अपहरण का केस
परिजनों के मुताबिक अप्रैल महीने में लड़की घर छोड़कर चली गई थी। परिवार ने इसके पीछे मोनू को जिम्मेदार मानते हुए उसके खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया था। हालांकि लड़की दो दिन बाद दिल्ली के लालकिले के पास से बरामद हो गई थी।