दो बच्चों की मां और परिचित की जबरन शादी, अवैध संबंध के शक में रातभर पिटाई
दो बच्चों की मां और उनके परिचित को अवैध संबंध के आरोप में ग्रामीणों ने रातभर पीटा और जबरन शादी कराई, जिसे पीड़ितों ने संपत्ति हड़पने की साजिश बताया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
पूर्णिया के कसबा थाना क्षेत्र के टीकापुर गांव में 16 अगस्त की रात एक घटना सामने आई है। यहां एक विवाहित महिला रूबी कुमारी (23) और उनके परिचित प्रियांशु कुमार (26) को ग्रामीणों ने कथित तौर पर अवैध संबंध के आरोप में पकड़कर न केवल रातभर पिटाई की, बल्कि जबरन उनकी शादी भी करवा दी। इस घटना का वीडियो अब वायरल हो रहा है,पीड़ितों का दावा है कि यह सब संपत्ति हड़पने की साजिश का हिस्सा था।
रूबी कुमारी, टीकापुर गांव के ललित सरकार उर्फ पिंटू की पत्नी हैं, जिनकी शादी 2016 में हुई थी। उनकी दो बेटियां हैं, जिनकी उम्र 8 और 5 साल है। रूबी का पति ललित शराब तस्करी के एक मामले में पिछले तीन महीने से किशनगंज जेल में बंद है। दूसरी ओर, प्रियांशु कुमार कसबा के मदारघाट काली मंदिर के बानटोल के रहने वाले हैं और एक स्थानीय दुकान में अकाउंटेंट के तौर पर काम करते थे। दोनों की दोस्ती तब शुरू हुई, जब प्रियांशु और ललित एक ही दुकान में साथ काम करते थे।
प्रियांशु ने बताया कि ललित ने जेल जाने से पहले उनसे अपने परिवार का ख्याल रखने को कहा था। इस वजह से वह अक्सर रूबी और उनके बच्चों से मिलने उनके घर जाया करते थे। घटना की रात, जन्माष्टमी के अवसर पर टीकापुर गांव के राधाकृष्ण मंदिर में भजन संध्या और ऑर्केस्ट्रा का आयोजन था। प्रियांशु और रूबी वहां अलग-अलग पहुंचे थे। रात करीब 12 बजे, प्रियांशु को शौचालय की जरूरत पड़ी और मंदिर में सुविधा न होने के कारण वह रूबी के कहने पर उनके घर चले गए।