घी कारोबारी के ठिकानों पर आयकर का शिकंजा, 5 करोड़ का सोना और 35 लाख नकद जब्त.
जोधपुर के मालाणी डेयरी समूह पर आयकर विभाग की तीसरे दिन भी कार्रवाई जारी रही। छापेमारी में करीब साढ़े तीन किलो सोना (लगभग 5 करोड़ रुपये मूल्य) और 35 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। यूपी से आई आयकर इन्वेस्टिगेशन विंग सोने की खरीद के बिल, नकदी के स्रोत और कारोबारी लेन-देन की जांच कर रही है। मकान सहित कुल पांच ठिकानों पर तलाशी ली गई।
जोधपुर शहर के प्रसिद्ध मालाणी डेयरी समूह पर आयकर विभाग की कार्रवाई तीसरे दिन भी जारी रही। शनिवार को हुई तलाशी के दौरान विभाग को बड़ी मात्रा में अघोषित संपत्ति मिलने का दावा किया गया है। कार्रवाई में करीब साढ़े तीन किलो सोना, जिसकी बाजार कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये आंकी जा रही है, के साथ ही 35 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं।
यूपी से आई इन्वेस्टिगेशन विंग कर रही जांच
इस पूरे ऑपरेशन की कमान उत्तर प्रदेश से आई आयकर विभाग की इन्वेस्टिगेशन विंग संभाल रही है। टीम अब जब्त किए गए सोने की खरीद से जुड़े बिल, लेन-देन के दस्तावेज और नकदी के स्रोत की गहन पड़ताल कर रही है।