पाटलिपुत्र स्टेशन हिंसा के बाद रेलवे का बड़ा फैसला: अभ्यर्थियों के लिए 10 एग्जाम स्पेशल ट्रेनें, 500 अज्ञात पर FIR
बिहार पुलिस प्रोहिबिशन कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों द्वारा पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर किए गए हंगामे और रेल रोको आंदोलन के बाद ईस्ट सेंट्रल रेलवे ने 10 अतिरिक्त एग्जाम स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। वहीं हिंसा, तोड़फोड़ और पुलिस पर पथराव के मामले में 6 नामजद और 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
बिहार पुलिस प्रोहिबिशन कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा को लेकर पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर हुए हंगामे और रेल रोको आंदोलन के बाद रेलवे प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। अभ्यर्थियों की बढ़ती भीड़ और यात्रा संबंधी परेशानियों को देखते हुए ईस्ट सेंट्रल रेलवे (ECR) के दानापुर मंडल ने 10 अतिरिक्त ‘एग्जाम स्पेशल’ ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पहले केवल दो विशेष ट्रेनों का संचालन प्रस्तावित था, लेकिन स्टेशन पर हुई अव्यवस्था और अभ्यर्थियों की भारी संख्या को देखते हुए ट्रेनों की संख्या बढ़ाकर 10 कर दी गई है। इसके अलावा रेलवे ने ‘ट्रेन ऑन डिमांड’ (TOD) सेवा भी शुरू करने का निर्णय लिया है। यदि किसी रूट पर अभ्यर्थियों की भीड़ अधिक होती है तो अतिरिक्त ट्रेनें तत्काल रवाना की जाएंगी।
सभी प्रमुख स्टेशनों पर रुकेंगी स्पेशल ट्रेनें
दानापुर मंडल द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार पटना, गया, बक्सर, नवादा, राजगीर, बख्तियारपुर और किउल के बीच 10 विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। इन ट्रेनों को रास्ते में पड़ने वाले सभी छोटे-बड़े स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है ताकि अधिकतम अभ्यर्थियों को सुविधा मिल सके।