झुंझुनूं में रास्ते के विवाद पर भिड़े दो पक्ष: पथराव में मां-बेटी घायल, बुजुर्ग महिला का चेहरा खून से सना, बच्चे रोने लगे; वीडियो वायरल
राजस्थान के झुंझुनूं जिले के मुकुंदगढ़ में पुराने रास्ते के विवाद को लेकर संतोष कुमावत और सहीराम पक्ष के बीच सोमवार को जमकर पथराव हुआ। इस हिंसा में संतोष की मां कमला देवी और बहन गुंजन गंभीर रूप से घायल हो गईं। बुजुर्ग कमला देवी का चेहरा खून से सन गया, जिसे देखकर बच्चे रोने लगे। घटना का वीडियो वायरल हो गया। मामला कोर्ट में लंबित है, पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर शांति बनाए रखने के निर्देश दिए।
राजस्थान के झुंझुनूं जिले में एक पुराने जमीन रास्ते के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मुकुंदगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर को दो पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ, जिसमें एक बुजुर्ग महिला और उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। बुजुर्ग महिला कमला देवी के सिर पर पत्थर लगने से खून बहने लगा और उनका पूरा चेहरा खून से सन गया। इस हालत में दादी को देखकर घर के बच्चे फूट-फूटकर रोने लगे। घटना का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें घायल महिला की दर्दनाक स्थिति और बच्चों का रोना साफ दिखाई दे रहा है।
