फोटो में जवान लड़का, मंडप में पहुंचा 40 साल का दूल्हा... फिर जो हुआ वो चौंकाने वाला था
बिहार के मुजफ्फरपुर में कोटा से आई बारात में उस वक्त हंगामा मच गया, जब जयमाला से पहले लड़की पक्ष को पता चला कि मंडप में बैठा दूल्हा वही नहीं है, जिसकी फोटो दिखाकर रिश्ता तय किया गया था।
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक शादी समारोह उस वक्त विवाद और हंगामे में बदल गया, जब जयमाला से ठीक पहले लड़की पक्ष को दूल्हे की असलियत पर शक हो गया। आरोप है कि जिस युवक की फोटो दिखाकर शादी तय की गई थी, मंडप में बैठा व्यक्ति वह नहीं था। मामला सामने आते ही शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और दोनों पक्षों के बीच जमकर विवाद हो गया।
जानकारी के मुताबिक, राजस्थान के कोटा से बारात मुजफ्फरपुर पहुंची थी। हैरानी की बात यह रही कि बारात में दूल्हे समेत केवल पांच लोग ही शामिल थे। शुरुआती शादी की रस्में सामान्य रूप से चलती रहीं, लेकिन जयमाला के दौरान लड़की पक्ष के कुछ लोगों को दूल्हे को देखकर शक हुआ।
फोटो वाला लड़का नहीं, 40 साल का व्यक्ति बना दूल्हा
लड़की पक्ष का आरोप है कि रिश्ता तय करते समय जिस युवक की तस्वीर दिखाई गई थी और जिससे फोन पर बातचीत कराई जाती थी, मंडप में बैठा व्यक्ति उससे बिल्कुल अलग था। परिजनों का कहना है कि असली लड़का कम उम्र का था, जबकि शादी कराने के लिए करीब 40 साल के व्यक्ति को दूल्हा बनाकर लाया गया।