राजस्थान में महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल: 900+ पंपों पर नई दरें लागू, जानें कितने बढ़े दाम और कितना पड़ेगा असर
राजस्थान में नायरा एनर्जी ने पेट्रोल 5 रुपये और डीजल 3 रुपये प्रति लीटर महंगा कर दिया है। नई दरें लागू होने से आम उपभोक्ताओं और ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर असर पड़ेगा।
राजस्थान में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी हुई है। निजी तेल कंपनी Nayara Energy ने पेट्रोल के दाम में 5 रुपए प्रति लीटर और डीजल के दाम में 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। नई दरें गुरुवार सुबह से प्रदेशभर में लागू हो गई हैं।
इस फैसले के बाद नायरा के पेट्रोल पंपों पर ईंधन भरवाने वाले वाहन चालकों को अब ज्यादा कीमत चुकानी पड़ रही है। खासतौर पर रोजाना वाहन चलाने वाले, टैक्सी-ऑटो ड्राइवर और ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर इसका सीधा असर देखने को मिलेगा।
राजस्थान में नायरा के करीब 900 से अधिक पेट्रोल पंप संचालित हैं, जबकि देशभर में कंपनी के 6700 से ज्यादा आउटलेट्स हैं। ऐसे में इस मूल्य वृद्धि का प्रभाव बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं पर पड़ना तय है।