वैभव सूर्यवंशी तीसरे मैच में भी फ्लॉप, 21 रन पर थमे; शेडगे-विपराज की फिफ्टी से इंडिया-ए ने श्रीलंका-ए को दिया 266 रन का लक्ष्य
दांबुला में खेले जा रहे ट्राई सीरीज मुकाबले में इंडिया-ए ने श्रीलंका-ए को 266 रन का लक्ष्य दिया।
भारत-ए ने दांबुला में खेले जा रहे त्रिकोणीय वनडे सीरीज के अहम मुकाबले में श्रीलंका-ए के सामने 266 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। 15 वर्षीय बल्लेबाज 14 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हो गए।
भारत ने शुरुआती ओवरों में ही वैभव सूर्यवंशी (21) और प्रभसिमरन सिंह (11) के विकेट गंवा दिए। इसके बाद ऋतुराज गायकवाड और कप्तान तिलक वर्मा ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी की, लेकिन तिलक 23 रन बनाकर आउट हो गए। कुछ देर बाद ऋतुराज गायकवाड भी 37 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गए।
मध्यक्रम में आयुष बडोनी (15), निशांत सिंधु (6) और अनुकूल रॉय (8) भी बड़ी पारी नहीं खेल सके, जिससे भारतीय टीम दबाव में आ गई। एक समय टीम का स्कोर 150 रन के आसपास 7 विकेट पर था और बड़ा स्कोर बनाना मुश्किल नजर आ रहा था।