जयपुर में रिहायशी मकान से मिला अवैध पटाखों का जखीरा, मकान मालिक फरार
जयपुर में रिहायशी मकान से मिला अवैध पटाखों का जखीरा, मकान मालिक फरार
राजधानी जयपुर में अवैध पटाखा भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक रिहायशी मकान से भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए हैं। मामला पानों का दरीबा और चाणक्या मार्ग के बीच स्थित एक गली का है, जहां दो मंजिला मकान में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किया जा रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि स्थानीय निवासी रोहित अग्रवाल मौसमी पटाखों की दुकान संचालित करता है और उसने अपने घर में बड़ी मात्रा में पटाखे जमा कर रखे थे। रोहित अपने माता-पिता और परिवार के साथ इसी मकान में रहता है। मकान के कुछ हिस्सों में किरायेदार भी रह रहे हैं, जिससे किसी भी संभावित हादसे का खतरा और बढ़ गया था।
जानकारी के अनुसार मकान के पास ही कोयले का गोदाम भी मौजूद है। ऐसे में आग लगने की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस और स्थानीय लोगों ने इस स्थिति को बेहद गंभीर बताया है।