रातभर चार्जिंग पर लगी इलेक्ट्रिक स्कूटी सुबह बन गई आग का गोला, दम घुटने से पहले जागे परिजन... सामान जलकर राख
राजस्थान के दौसा शहर के सोमनाथ क्षेत्र में शुक्रवार सुबह चार्जिंग पर लगी एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक भीषण आग लग गई।
राजस्थान के दौसा शहर से ईवी (EV) चार्जिंग के दौरान एक बड़ा हादसा सामने आया है। शहर के सोमनाथ क्षेत्र स्थित प्रधान नगर में शुक्रवार अलसुबह एक मकान में खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक भीषण आग लग गई। स्कूटी रातभर से चार्जिंग पॉइंट पर लगी हुई थी। सुबह अचानक उसमें से आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार उठने लगा, जिससे पूरे घर में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि समय रहते परिजनों की नींद खुल गई और वे सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
रातभर चार्जिंग पर लगी थी स्कूटी, सुबह मची चीख-पुकार
जानकारी के अनुसार, प्रधान नगर निवासी स्कूटी मालिक गुरुवार रात को अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी को घर के अंदर चार्जिंग पर लगाकर सो गया था। शुक्रवार सुबह अचानक स्कूटी की बैटरी में ब्लास्ट या शॉर्ट सर्किट के कारण आग भड़क उठी। देखते ही देखते जहरीला और काला धुआं पूरे मकान के कमरों में फैल गया। धुएं के कारण जब घर में मौजूद लोगों का दम घुटने लगा, तब उनकी नींद खुली। घर के अंदर आग की लपटें देखकर परिवार में हड़कंप मच गया और सभी लोग जान बचाकर तुरंत घर से बाहर की तरफ भागे।
समय रहते निकाला सिलेंडर, वरना हो जाता बड़ा ब्लास्ट
इस पूरी घटना के दौरान सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि मकान की रसोई में रखा गैस सिलेंडर समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आग जिस तेजी से फैल रही थी, अगर रसोई गैस सिलेंडर उसकी चपेट में आ जाता तो बड़ा ब्लास्ट हो सकता था और आसपास के मकानों को भी भारी नुकसान पहुंचता। परिवार और पड़ोसियों की सूझबूझ और सतर्कता के कारण यह संभावित बड़ा नुकसान टल गया। हालांकि, आग की चपेट में आने से घर में रखा कूलर और अन्य कीमती घरेलू सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया।