टोंक में व्यापारी की बेरहमी से हत्या: दुकान की पहली मंजिल पर मिला शव, सिर पर चाकू के कई वार
टोंक में नगर परिषद के ठेकेदार और व्यापारी पवन गर्ग की हत्या कर दी गई। उनका शव दुकान की पहली मंजिल पर खून से लथपथ मिला।
राजस्थान के टोंक शहर में नगर परिषद के ठेकेदार और व्यापारी पवन गर्ग की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 55 वर्षीय पवन गर्ग का शव उनकी ही दुकान की पहली मंजिल पर खून से लथपथ हालत में मिला। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पवन गर्ग सवाई माधोपुर रोड स्थित पार्क प्लाजा में रहते थे और बड़ा कुआं के पास मोतीबाग रोड पर ‘बृज इलेक्ट्रिक’ नाम से उनकी दुकान संचालित थी। शुक्रवार रात वे घर नहीं लौटे, जिसके बाद परिजनों को चिंता हुई।
परिजनों के मुताबिक देर रात जब पवन गर्ग घर नहीं पहुंचे तो उनकी पत्नी ने दुकान में काम करने वाले कर्मचारी को फोन किया। कर्मचारी ने बताया कि वह पहले ही घर जा चुका है और पवन गर्ग दुकान पर ही रुके हुए थे। इसके बाद उसे दोबारा दुकान भेजा गया, जहां पहली मंजिल पर पवन गर्ग का शव पड़ा मिला।