‘नौकरी बचानी है तो पैसे दो’: भरतपुर में 10 हजार की रिश्वत लेते 3 महिला कर्मी गिरफ्तार
भरतपुर एसीबी ने महिला एवं बाल विकास विभाग की एक महिला पर्यवेक्षक और दो आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई जारी है। भरतपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने महिला एवं बाल विकास विभाग की तीन महिला कर्मियों को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि नौकरी में परेशान नहीं करने और सेवा से नहीं हटाने के बदले 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।
एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के अनुसार, परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि विभाग की महिला पर्यवेक्षक क्षमा दहिया और दो आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सुनीता मुदगल तथा राजबाला उससे रिश्वत की मांग कर रही हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया कि नौकरी सुरक्षित रखने और कार्य में अनावश्यक परेशानी नहीं पैदा करने के बदले 50 हजार रुपये मांगे गए थे।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन किया। शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर टीम ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।