राजस्थान का दिलचस्प दिन: ‘ओल्ड CM’ पर हंसी, भगवा EV की सवारी और चौराहे पर छाछ वाली मेहमाननवाजी
राजस्थान की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में इन दिनों कई दिलचस्प घटनाएं चर्चा में हैं। पूर्व मुख्यमंत्री का केंद्रीय मंत्री पर तंज, भाजपा संगठन प्रमुख की भगवा ईवी कार, जयपुर के पेट्रोल पंप पर हंगामा और ट्रैफिक पुलिसकर्मी की इंसानियत ने लोगों का ध्यान खींचा है।
राजस्थान की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में इन दिनों कई ऐसे घटनाक्रम देखने को मिल रहे हैं, जो चर्चा का विषय बने हुए हैं। कहीं राजनीतिक तंज और अनुभव की बातें हो रही हैं, तो कहीं बदलते दौर के साथ ईवी संस्कृति को अपनाने की तस्वीर दिखाई दे रही है। वहीं आमजन पेट्रोल संकट और भीषण गर्मी से जूझते नजर आ रहे हैं। इन सबके बीच एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी की संवेदनशीलता ने लोगों का दिल जीत लिया।
पूर्व मुख्यमंत्री का केंद्रीय मंत्री पर तंज
पूर्व मुख्यमंत्री जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचे तो पत्रकारों ने उन्हें घेर लिया। निकाय चुनाव, पेट्रोल-डीजल और प्रदेश की राजनीति को लेकर सवालों की झड़ी लग गई। पूर्व मुख्यमंत्री ने पहले पानी पिया और फिर अपनी खास शैली में जवाब देना शुरू किया।
उन्होंने सरकार की नीयत पर सवाल उठाते हुए कहा कि हाईकोर्ट दो बार निकाय चुनाव कराने की बात कह चुका है, लेकिन सरकार बहाने ढूंढ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार चुनाव से डर रही है और स्थिति गंभीर है।