दौसा जिला अस्पताल के 40 वर्षीय डॉक्टर की हार्ट अटैक से मौत की आशंका, जयपुर में चेकअप के दौरान तोड़ा दम
दौसा जिला अस्पताल में कार्यरत 40 वर्षीय डॉ. हिमांशु शर्मा का जयपुर के एक निजी अस्पताल में चेकअप के दौरान निधन हो गया।
दौसा जिला अस्पताल में कार्यरत 40 वर्षीय डॉक्टर डॉ. हिमांशु शर्मा का शुक्रवार को जयपुर के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि मेडिकल जांच और अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
सीने में दर्द होने पर पहुंचे थे अस्पताल
जानकारी के अनुसार डॉ. हिमांशु शर्मा शुक्रवार सुबह अपने जयपुर स्थित आवास पर थे। सुबह करीब 10 बजे उन्हें सीने में दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद वे अपनी पत्नी डॉ. अनुराधा शर्मा के साथ मालवीय नगर स्थित राजस्थान हॉस्पिटल पहुंचे। चेकअप के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
दो दिन पहले भी हुआ था सीने में दर्द
परिजनों और अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार डॉ. हिमांशु शर्मा को दो दिन पहले भी सीने में दर्द हुआ था। उन्होंने इसे सामान्य समस्या समझकर दवा ले ली थी। एहतियात के तौर पर वे छुट्टी लेकर जयपुर आ गए थे, लेकिन शुक्रवार को उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई।