बाड़मेर: पानी की समस्या से तंग आकर शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने अधिकारी के सामने जमीन पर बैठकर धरना दिया
शिव विधानसभा क्षेत्र के निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने हरसाणी गांव में एक साल से चली आ रही पानी की समस्या के समाधान के लिए बाड़मेर जलदाय कार्यालय में अधिकारी के सामने कुर्सी छोड़कर जमीन पर धरना दे दिया। अधिकारी उन्हें कुर्सी पर बैठने का आग्रह करते रहे, लेकिन विधायक ने लिखित आश्वासन मिलने तक धरना जारी रखने की बात कही। ग्रामीण जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार और पाइपलाइन कार्य में अनियमितता के आरोप लगा रहे हैं।
बाड़मेर। शिव विधानसभा क्षेत्र के निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने हरसाणी गांव में लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या के समाधान की मांग को लेकर जलदाय विभाग के कार्यालय में अनोखा प्रदर्शन किया। वे अतिरिक्त मुख्य अभियंता (एईएन) परशुराम वर्मा के चैंबर में पहले कुर्सी पर बैठे, लेकिन जब समस्या के समाधान का संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो कुर्सी छोड़कर अधिकारी के सामने जमीन पर बैठ गए। विधायक ने स्पष्ट कहा कि जब तक गांव वासियों को पानी नहीं मिलेगा, वे धरने पर बैठे रहेंगे।
