बाड़मेर में पानी चोरी पर बड़ी कार्रवाई: मुख्य पाइपलाइन से अवैध कनेक्शन पकड़े, होटल-कॉलोनी तक फैला नेटवर्क उजागर
भीषण गर्मी और जल संकट के बीच बाड़मेर में नहरी पानी चोरी पर जलदाय विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्य पाइपलाइन से अवैध कनेक्शन पकड़े गए हैं और चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
राजस्थान के बाड़मेर जिले में भीषण गर्मी और गहराते जल संकट के बीच नहरी पानी चोरी के मामलों पर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जलदाय विभाग (PHED) ने बाड़मेर लिफ्ट परियोजना की मुख्य पाइपलाइन पर अवैध जल कनेक्शनों का बड़ा खुलासा किया है। इस मामले में चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जुर्माना वसूली की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
मुख्य पाइपलाइन पर चला जांच अभियान
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता हजारी राम बालवा के निर्देश पर पूरे क्षेत्र में पानी चोरी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में परियोजना खंड श्रीमोहनगढ़ के सहायक अभियंता गणेश कुमार ने कुम्हारों की ढाणी से शिव की ओर जाने वाली मुख्य पाइपलाइन की जांच की।
जांच के दौरान कई स्थानों पर अवैध रूप से पानी की चोरी के लिए लगाए गए कनेक्शन पाए गए, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई की गई।