चुनाव जीतने के अगले ही दिन निर्दलीय पार्षद का दुखद निधन, जश्न के बीच पसरा मातम
पाली जिले के मारवाड़ जंक्शन में वार्ड-7 से चुनाव जीतने वाले निर्दलीय पार्षद अबरार खान मेव का मंगलवार सुबह हार्ट अटैक से निधन हो गया। उनके निधन से इलाके में शोक की लहर है और नगर पालिका में बोर्ड गठन का गणित भी उलझ गया है।
चुनावी जीत का जश्न अभी ठीक से थमा भी नहीं था कि पाली जिले की मारवाड़ जंक्शन नगर पालिका से एक बेहद हृदयविदारक खबर सामने आई है। सोमवार को ही वार्ड संख्या 7 से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव जीतने वाले पार्षद अबरार खान मेव (58) का मंगलवार सुबह अचानक निधन हो गया। जीत के महज 24 घंटे के भीतर हुई इस दुखद घटना ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है। अबरार खान के निधन से उनके समर्थकों और परिजनों के बीच पसरी खुशी पल भर में मातम में तब्दील हो गई।
सुबह चाय पीते समय अचानक बिगड़ी तबीयत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 8 बजे अबरार खान अपने घर पर थे और चुनाव जीतने पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ था। इसी दौरान चाय पीते वक्त उनके सीने में अचानक तेज दर्द उठा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए परिजन उन्हें तुरंत मारवाड़ जंक्शन के राजकीय अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पाली के ट्रॉमा सेंटर (बांगड़ हॉस्पिटल) रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर सुबह करीब 9 बजे पाली पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बोर्ड गठन के राजनीतिक समीकरणों में फंसा पेंच
अबरार खान के इस असामयिक निधन से न केवल एक अपूरणीय मानवीय क्षति हुई है, बल्कि मारवाड़ जंक्शन नगर पालिका में सत्ता के समीकरण भी पूरी तरह से बदल गए हैं। नगर पालिका में कुल 25 वार्ड हैं। सोमवार को आए चुनाव परिणामों में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों ने 11-11 वार्डों में जीत हासिल की थी, जबकि तीन सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने कब्जा जमाया था।