खेत में कचरे के ढेर में मिला जिंदा बम: महिला की सूचना पर पहुंची पुलिस और सिविल डिफेंस, सुरक्षित जगह ले जाकर कराया धमाका
जयपुर के आमेर में CISF कैंपस के पास खेत के कचरे में जिंदा बम मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम ने तुरंत इलाके को खाली करवाकर बम निरोधक दस्ते को बुलाया, जिसने सूनसान जगह पर गहरा गड्ढा खोदकर बम को सुरक्षित डिफ्यूज कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर यह जांच शुरू कर दी है कि यह विस्फोटक वहां किसने और कैसे पहुंचाया।
राजधानी जयपुर के आमेर क्षेत्र में सोमवार सुबह उस वक्त भारी हड़कंप मच गया, जब सीआईएसएफ (CISF) कैंपस के पास स्थित खातीवालों की ढाणी (वार्ड नंबर 148) में एक जिंदा बम मिला। आबादी क्षेत्र और सुरक्षा बलों के कैंपस के नजदीक विस्फोटक मिलने की सूचना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। हालांकि, पुलिस, सिविल डिफेंस और बम निरोधक दस्ते (BDDS) की त्वरित कार्रवाई से समय रहते एक बड़ा खतरा टल गया।
खेत में काम करते समय महिला को दिखा विस्फोटक
आमेर थानाधिकारी गौतम डोटासरा के अनुसार, सुबह करीब 10:30 बजे गांव की एक स्थानीय महिला खेत से गुजर रही थी। कचरे के ढेर के पास उसे एक संदिग्ध बमनुमा वस्तु नजर आई। महिला ने तुरंत इसकी जानकारी अपने परिजनों और ग्रामीणों को दी। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और ग्रामीणों ने बिना देरी किए पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।