पंचायत चुनाव 2026: टल गई आरक्षण की लॉटरी! जानिए अब कब जारी होगी लिस्ट और क्या है वजह?
राजस्थान में आगामी पंचायती राज चुनाव 2026 के लिए 17 और 18 सितंबर को प्रस्तावित आरक्षण लॉटरी को निकाय चुनावों की व्यस्तता के कारण फिलहाल टाल दिया गया है। जानें नई तारीखों को लेकर क्या है अपडेट।
राजस्थान में सरपंच, वार्ड पंच और जिला परिषद सदस्य बनने का ख्वाब देख रहे स्थानीय नेताओं और लाखों ग्रामीण मतदाताओं को अभी थोड़ा और इंतजार करना होगा। प्रदेश में आगामी पंचायती राज चुनाव 2026 (Rajasthan Panchayati Raj Election 2026) की तैयारियों के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। 17 और 18 सितंबर को प्रस्तावित पदों के आरक्षण की लॉटरी फिलहाल स्थगित कर दी गई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने शहरी निकाय चुनावों की चल रही प्रक्रिया और प्रशासनिक व्यस्तता के चलते यह अहम फैसला लिया है।
निकाय चुनावों की व्यस्तता बनी कारण
पंचायती राज विभाग ने राज्य निर्वाचन आयोग को सुझाव दिया था कि वर्तमान में प्रदेश के शहरी निकायों (नगर निगम, नगर परिषद और नगरपालिका) में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। 17 सितंबर को निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद के नामांकन पत्रों की जांच होनी है, जबकि 18 सितंबर को नाम वापसी और चुनाव चिह्न का आवंटन किया जाना है।
ऐसे में जिला कलेक्टर, एसडीएम (SDO), तहसीलदार और पुलिस महकमा पूरी तरह से इन निकाय चुनावों की चाक-चौबंद व्यवस्था में जुटा रहेगा। एक ही समय पर निकाय चुनाव और पंचायत की लॉटरी दोनों का संचालन करना प्रशासनिक दृष्टिकोण से बेहद चुनौतीपूर्ण था, जिसके कारण लॉटरी की तारीखें आगे बढ़ाई गई हैं।