PM Modi in Balotra: घबराए कॉन्स्टेबल का पीएम मोदी ने थामा हाथ, बोले- 'किसी से डरो मत, भागो मत'
बालोतरा में पचपदरा रिफाइनरी के उद्घाटन समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पांच युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे।
राजस्थान के बालोतरा जिले में पचपदरा रिफाइनरी के उद्घाटन समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक भावुक पल चर्चा का विषय बन गया। कार्यक्रम में उन्होंने विभिन्न विभागों में चयनित पांच युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। इसी दौरान सिरोही जिले के पिंडवाड़ा निवासी और राजस्थान पुलिस में चयनित कॉन्स्टेबल पिंटाराम गरासिया घबराहट में मंच से जल्दी लौटने लगे।
पिंटाराम की घबराहट देखकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका हाथ पकड़कर रोक लिया और मुस्कुराते हुए कहा, "किसी से डरो मत, भागो मत।" इसके बाद पीएम ने उनकी पीठ थपथपाई और आगे भी मेहनत से काम करने की शुभकामनाएं दीं। यह दृश्य कार्यक्रम में मौजूद लोगों के लिए यादगार बन गया।
परिवार की पहली सरकारी नौकरी
पिंटाराम गरासिया ने बताया कि उनका चयन वर्ष 2025 में राजस्थान पुलिस कॉन्स्टेबल के पद पर हुआ है और उनकी नियुक्ति उदयपुर में हुई है। उन्होंने कहा कि उनके परिवार में यह पहली सरकारी नौकरी है। किसान पिता और बड़े भाई के सहयोग से उन्होंने पढ़ाई पूरी की और इस मुकाम तक पहुंचे। प्रधानमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र मिलना उनके जीवन का सबसे यादगार पल बन गया।