पुष्कर सरोवर में युवक-युवती के 2 शव मिलने से सनसनी, 2-3 दिन बाद पानी में तैरते दिखे शव
अजमेर जिले के पुष्कर सरोवर में शुक्रवार सुबह युवक और युवती के दो शव तैरते हुए मिले। स्थानीय तीर्थ पुरोहितों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
राजस्थान के अजमेर जिले के प्रसिद्ध तीर्थस्थल पुष्कर सरोवर में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गुर्जर घाट के पास पानी में युवक और युवती के दो शव तैरते हुए मिले। घटना की जानकारी मिलते ही पुष्कर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को बाहर निकलवाकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे स्थानीय तीर्थ पुरोहित रोजाना की तरह पूजा-अर्चना के लिए घाट पर पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर सरोवर में तैर रहे दो शवों पर पड़ी। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम सुबह करीब 6 बजे घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से करीब 15 मिनट के भीतर दोनों शवों को पानी से बाहर निकाला गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शव एक युवक और एक युवती के हैं।