क्या राजस्थान ने जनधन योजना में कर दिया बड़ा कमाल? 24,933 करोड़ रुपये के साथ देश में चौथे स्थान पर, जानिए कैसे बना नया रिकॉर्ड
राजस्थान ने जनधन योजना में बड़ी छलांग लगाते हुए 24,933 करोड़ रुपये की जमा राशि के साथ देश में चौथा स्थान हासिल कर लिया है। महिलाओं की भागीदारी ने भी नया रिकॉर्ड बनाया। आखिर कैसे हुआ यह संभव?
जयपुर। वित्तीय समावेशन की दिशा में राजस्थान ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत राज्य में 3.86 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले जा चुके हैं, जिनमें कुल जमा राशि 24,933.35 करोड़ रुपये से अधिक हो गई है। केंद्रीय वित्त मंत्रालय के नवीनतम आंकड़ों के आधार पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कार्यालय (CMO) ने यह जानकारी साझा की है। इस उपलब्धि के साथ राजस्थान जनधन खातों में जमा राशि के मामले में देशभर में चौथे स्थान पर पहुंच गया है।
उत्तर प्रदेश पहले, राजस्थान चौथे स्थान पर
जनधन खातों में जमा राशि के मामले में उत्तर प्रदेश 67,206.59 करोड़ रुपये के साथ देश में पहले स्थान पर है। इसके बाद बिहार 30,760.45 करोड़ रुपये के साथ दूसरे और पश्चिम बंगाल 25,485.44 करोड़ रुपये के साथ तीसरे स्थान पर है। राजस्थान 24,933.35 करोड़ रुपये के साथ चौथे स्थान पर जबकि महाराष्ट्र 22,031.73 करोड़ रुपये के साथ पांचवें स्थान पर है।