School Bus Tractor Accident: स्कूल बस और ट्रैक्टर की भीषण टक्कर CCTV में कैद, छात्र ने छलांग लगाकर बचाई जान
30 जून को स्कूल बस और ट्रैक्टर के बीच हुई भीषण टक्कर का सीसीटीवी सामने आया है।
स्कूल बस और ट्रैक्टर के बीच हुई भीषण टक्कर का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। घटना 30 जून की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रैक्टर के ब्रेक फेल होने के कारण यह दुर्घटना हुई। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी भी छात्र या अन्य व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई।
कट पर मुड़ी बस, सामने से आया ट्रैक्टर
जानकारी के अनुसार, मंडावा रोड पर एक स्कूल बस सड़क के कट से अंदर की ओर मुड़ रही थी। उसी समय सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने तेज रफ्तार में बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर पलट गया और बस का संतुलन भी बिगड़ गया।
छात्र ने फुर्ती दिखाकर बचाई जान
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि हादसे के समय सड़क किनारे एक छात्र गुजर रहा था। ट्रैक्टर को अपनी ओर आता देख उसने तुरंत छलांग लगा दी, जिससे वह बाल-बाल बच गया। उसकी सूझबूझ और फुर्ती ने संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।