भिवाड़ी में दर्दनाक हादसा: निर्माणाधीन प्लांट में टंकी की दीवार ढही, तीन मासूम भाई-बहनों की मौत
खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी में निर्माणाधीन जैगवार प्लांट में पानी की टंकी की दीवार ढहने से तीन बच्चों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। मजदूरों ने निर्माण में लापरवाही का आरोप लगाया है।
खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। औद्योगिक क्षेत्र स्थित जैगवार कंपनी के निर्माणाधीन प्लांट में पानी की टंकी की दीवार ढहने से तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे भिवाड़ी के पुराना समतल रोड औद्योगिक क्षेत्र में हुआ। निर्माणाधीन प्लांट में काम कर रहे मजदूरों के बच्चे पानी की टंकी के पास नहा रहे थे। इसी दौरान अचानक टंकी की दीवार भरभराकर गिर गई और बच्चे मलबे के नीचे दब गए।
हादसे में चार वर्षीय मीनू पुत्री हेमंत शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके भाई ज्योतिष (8) और शिवम (12) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए दिल्ली एम्स रेफर किया गया था। देर रात उपचार के दौरान दोनों बच्चों ने भी दम तोड़ दिया।