अजमेर में रात के अंधेरे में खूनी खेल: परिवार पर तलवार से हमला, 6 जख्मी
अजमेर के माखुपुरा गांव में राजेंद्र सिंह ने तलवार से अपने परिवार पर जानलेवा हमला किया, जिसमें पत्नी, दो बच्चे, मां, भाई और भाभी घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
अजमेर के आदर्शनगर थाना क्षेत्र के माखुपुरा गांव में गुरुवार मध्यरात्रि को एक युवक ने धारदार तलवार से अपने परिवार के सदस्यों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में आरोपी की पत्नी, 5 वर्षीय बेटी, 11 वर्षीय बेटा, मां, भाई और भाभी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जवाहर लाल नेहरू (JLN) अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चार की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, माखुपुरा निवासी राजेंद्र सिंह रावत उर्फ केजीएफ ने गुरुवार देर रात अपनी पत्नी सरिता (28) के पास सो रही 5 वर्षीय बेटी एंजल पर तलवार से वार किया, जिससे उसकी नाक और मुंह कट गया। सरिता के चीखने पर आरोपी ने उस पर और 11 वर्षीय बेटे प्रिंस पर ताबड़तोड़ हमला किया। सरिता के सिर और दोनों हाथों पर गहरे घाव लगे। शोर सुनकर बीच-बचाव करने आईं राजेंद्र की मां गीतादेवी (54) और भाभी रिंकू (30) पर भी उसने तलवार से हमला किया।
आरोपी ने अपने बड़े भाई खेमसिंह (32) पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन खेमसिंह ने चचेरे भाई गोगसिंह की मदद से राजेंद्र को रस्सी से बांधकर काबू किया। सूचना पर आदर्शनगर थानाप्रभारी छोटेलाल मीणा और पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा। घायलों को तुरंत JLN अस्पताल ले जाया गया।