13 साल की रावी शर्मा ने कैंसर पीड़ितों के लिए दान किए अपने लंबे बाल, हर बार बाल बढ़ाकर दान करने का लिया संकल्प.
13 साल की जोधपुर की छात्रा रावी शर्मा ने कैंसर पीड़ित मरीजों के लिए अपने 18 इंच लंबे बाल दान किए। वंदे भारत सेवा संस्थान के सचिव नरेंद्र सिंह राठौड़ (जिन्होंने खुद 3 बार बाल दान किए) से प्रेरणा लेकर रावी ने यह नेक कदम उठाया। बाल अखिल भारतीय सर्व धर्म सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनीता परिहार को सौंपे गए, जो इनसे विग बनवाकर मुफ्त बांटती हैं। रावी ने संकल्प लिया है कि हर 2-3 साल में बाल लंबे करके बार-बार दान करेगी।
जोधपुर:राजस्थान के जोधपुर जिले में एक 13 साल की नन्ही परी ने वो कर दिखाया जो बड़े-बड़े लोग सोचते रह जाते हैं। सेंट पैट्रिक विद्या भवन, जालोर की कक्षा सातवीं की छात्रा रावी शर्मा (पुत्री राहुल शर्मा एवं राधा रानी शर्मा) ने कैंसर से जूझ रहे मरीजों के लिए अपने घने, काले, चमकदार और कंधे से काफी नीचे तक लंबे बाल पूरी तरह दान कर दिए।रावी के बाल करीब 18 इंच लंबे थे। जब उसने बाल कटवाने का फैसला किया तो घरवाले, रिश्तेदार और स्कूल के शिक्षक सभी हैरान रह गए, लेकिन जैसे ही उन्हें पता चला कि ये बाल कैंसर पीड़ित महिलाओं और बच्चों के लिए विग बनाने में काम आएंगे, सभी ने रावी की तारीफ की और उसका हौसला बढ़ाया।
प्रेरणा का स्रोत बने नरेंद्र सिंह राठौड़
रावी को यह अनूठा विचार वंदे भारत सेवा संस्थान के सचिव श्री नरेंद्र सिंह राठौड़ से मिला। नरेंद्र सिंह राठौड़ स्वयं अब तक तीन बार अपने सिर के बाल दान कर चुके हैं और कैंसर पीड़ितों की सेवा में दिन-रात जुटे रहते हैं। रावी ने जब उनसे बाल दान करने की प्रक्रिया जानी तो उसका मन दृढ़ हो गया। उसने तुरंत फैसला लिया कि उसके बाल अब किसी जरूरतमंद की जिंदगी में खुशी बिखेरेंगे।